Friday, August 2, 2013

सूरह 76 : अल इंसान/ अद दहर [Man]

सूरह 76: अल-इंसान/ अद-दहर 
[आदमी/ Man]



01-03:  इंसानों का पैदा किया जाना

04-22: नेक लोगों का इनाम 

23-26: रसूल को धीरज से काम लेने की सलाह

27-31: एक चेतावनी 

 

अल्लाह के नाम से शुरू जो सब पर मेहरबान है, अत्यंत दयावान है

क्या इंसान पर समयकाल का एक ऐसा वक़्त नहीं गुज़र चुका है कि जब वह कोई उल्लेखनीय चीज़ ही न था? (1)

हमने इंसान को (मर्द व औरत के) मिले-जुले तरल पदार्थ की बूंदों से पैदा किया जिसे हम (बच्चा पैदा होने तक एक चरण से दूसरे चरण तक) पलटते और जाँचते रहते हैं, इसलिए हमने उसे (क्रम से) सुनने वाला (और फिर) देखने वाला बनाया है। (2)

हमने इसे (सही और ग़लत, सच और झूठ में फर्क़ करने की समझ-बूझ के लिए) रास्ता भी दिखा दिया, (अब) चाहे वह (अल्लाह का) आभार मानने वाला हो या आभार न मानने वाला [ungrateful] हो जाए। (3)

हमने विश्वास न रखने वालों के लिए (पैर की) ज़नजीरें और (गर्दन के) तौक़ [iron collars] और (जहन्नम की) दहकती आग तैयार कर रखी है। (4)

निष्ठावान और नेक बंदे (पाकीज़ा शराब के) ऐसे जाम पियेंगे जिसमें काफ़ूर [एक मीठा सुगंधित पौधा] की मिलावट होगी। (5)

(ये जाम वहाँ) के एक बहते हुए सोते [spring] के होंगे जिससे ख़ुदा के ख़ास बंदे पिया करेंगे (और) जहां चाहेंगे (दूसरों को पिलाने के लिए) इसे छोटी नहरों के रूप में बहाकर (भी) ले जाएंगे। (6)

(ये अल्लाह के वे ख़ास बंदे हैं) जो (अपनी) नज़रें [मन्नतें] (मान लेते हैं तो उसे) पूरी करते हैं, और उस दिन से डरते हैं जिसकी सख़्ती बड़ी व्यापक होगी। (7)

और वे (अपना) खाना अल्लाह की मुहब्बत में (स्वयं खाने की चाहत रखने और भूखा  होने के बावजूद) ग़रीबों, अनाथों और क़ैदियों को खिला देते हैं। (8)

(और कहते हैं कि): ”हम तो केवल अल्लाह की खुशी के लिए तुम्हें खिला रहे हैं, न तुम से बदले में कोई चीज़ हमें चाहिए और न (यह इच्छा है कि) तुम हमारा शुक्र अदा करो।"  (9)

हमें तो अपने रब से उस दिन का डर रहता है जो (चेहरों को) बहुत काला (और) भद्दा कर देने वाला है। (10)

सो अल्लाह उन्हें (अपना डर रखने के कारण) उस दिन की सख़्ती से बचा लेगा और उन्हीं (चेहरों पर) रौनक़ और ताज़गी और (दिलों में) मस्ती व खुशी भर देगा। (11)

और (हमेशा) सब्र व धीरज (से नेक कामों पर डटे रहने) के बदले उन्हें (इनाम के तौर पर रहने को) जन्नत और (पहनने को) रेशमी कपड़े प्रदान करेगा। (12)

वे उसमें तख़्तों पर तकिये लगाए बैठे होंगे, न वहाँ धूप की तेज़ गर्मी पाएंगे और न सर्दी की ठिठुरा देने वाली तेज़ी। (13)

और (जन्नत के पेड़ों के) साये उन पर झुक रहे होंगे और उनके (फलों के) गुच्छे झुककर लटक रहे होंगे। (14)

और (सेवक लोग) उनके आसपास चांदी के बर्तन और (साफ़-सुथरे) शीशे के गिलास लिए फिरते होंगे। (15)

(और) शीशे भी चांदी की तरह के (बने) होंगे जिन्हें सेवकों ने (हर एक की ख़्वाहिश के अनुसार) ठीक-ठीक अनुपात में भरा होगा। (16)

और उन्हें वहां (पाकीज़ा शराब के) ऐसे जाम पिलाए जायेंगे जिनमें सोंठ/अदरक (जैसी महक) की मिलावट होगी। (17)

(वह शराब जन्नत) में “सलसबील” नाम के एक सोते [spring] से बनी होगी। (18) 

और उनके आसपास ऐसे सदाबहार नौजवान लड़के (सेवा में) घूमते रहेंगे कि जब आप उन्हें देखेंगे तो ऐसा लगेगा मानो वे बिखरे हुए मोती हों। (19)

जब आप (जन्नत पर) नज़र डालेंगे तो वहां (बेशुमार) नेमतें और (हर तरफ़) बड़े  साम्राज्य के लक्षण दिखायी देंगे। (20)

उन (के शरीरों) पर महीन रेशम के हरे और गाढ़े ब्रोकेड के कपड़े होंगे, और उन्हें चांदी के कंगन पहनाए जाएंगे और उनका रब उन्हें पवित्र शराब पिलाएगा। (21) 

(उनसे कहा जाएगा): “यह तुम्हारा इनाम है और (संसार में नेक राह पर चलने में की गयी) तुम्हारी मेहनत की सराहना की जाती है।“ (22)

(ऐ रसूल), हमने आप पर क़ुरआन थोड़ा-थोड़ा करके उतारा [नाज़िल किया] है। (23) 

सो आप अपने रब के आदेश पाने के लिए धीरज (बनाए) रखें और किसी पापी या सच्चाई से इंकार करने वाले की बात पर कान न धरें।  (24)

और सुबह और शाम अपने रब के नाम का स्मरण किया करें, (25)

और रात की कुछ घड़ियों में (अल्लाह) के सामने सज्दे में सर झुकाया करें और रात के (शेष) लंबे हिस्से में उसकी बड़ाई बयान किया करें। (26)

यह (दुनिया की चाहत रखने वाले) जल्दी से हासिल हो जाने वाली चीज़ (संसार) से प्रेम रखते हैं और एक सख़्त भारी दिन (की याद) को छोड़े बैठे हैं। (27)

(वे नहीं सोचते कि) हम ही ने उन्हें पैदा किया और उनके जोड़-जोड़ को मज़बूत बनाया है और हम जब चाहें उनके बदले में उन्हीं जैसे लोगों को पैदा कर दें। (28)

बेशक यह (क़ुरआन) एक नसीहत है (जो आदमी को सीधे रास्ते पर चलने के लिये याद दिलाती रहती है), सो जो कोई चाहे अपने रब की तरफ़ (पहुंचने का) रास्ता अपनाले। (29)

और तुम खुद कुछ नहीं चाह सकते सिवाय इसके जो अल्लाह चाहे, बेशक अल्लाह ख़ूब जानने वाला, बड़ी समझ-बूझवाला है। (30)

वह जिसे चाहता है अपनी रहमत [दयालुता के दायरे] में ले लेता है, और ज़ालिमों के लिए उसने दर्दनाक अज़ाब [यातना] तैयार कर रखा है। (31)



नोट:

1. यहाँ पैदा होने से पहले के समयकाल के बारे में कहा गया है; जिस तरह से अल्लाह ने इंसानों को पहली बार पैदा किया, उसी तरह वह उन्हें क़यामत के दिन दोबारा पैदा करने की ताक़त रखता है (देखें 19:9, 67).
   

2: मर्द और औरत के मिले-जुले पदार्थ यानी शुक्राणु और अंडाणु के मिश्रण (intermingling of sperm & ovum) से पैदा किया।

 

28: इसका एक मतलब तो यह है कि अगर अल्लाह चाहे तो इन सबको मारकर उनकी जगह दूसरे इंसान पैदा कर दे। दूसरा मतलब यह हो सकता है कि जिस तरह अल्लाह ने उन्हें शुरू में पैदा किया था, उसी तरह वह जब चाहे उनके मरने के बाद भी उन्हें दोबारा पैदा कर देगा।

 


Thursday, August 1, 2013

सूरह 75 : अल क़ियामह [क़यामत/ The Resurrection]

सूरह 75: अल-क़ियामह 
[क़यामत/ The Resurrection]



01-15: क़यामत के दिन दोबारा ज़िंदा करके उठाया जाएगा

16-19: क़ुरआन को पढ़ने का तरीक़ा 

20-30: क़यामत का आना तय है 

31-40: एक विश्वास न करने वाले की कड़ी निंदा

अल्लाह के नाम से शुरू जो सब पर मेहरबान है, अत्यंत दयावान है
मैं क़सम खाता हूँ क़यामत के दिन की  (1)
और मैँ कसम खाता हूँ (बुराइयों पर) कचोटने वाली आत्मा की!  (2)
क्या इंसान यह समझता है कि हम उसकी हड्डियों को (जो मरने के बाद चूर-चूर होकर बिखर जाएगी) कभी फिर से इकट्ठा नहीं करेंगे?  (3)
क्यों नहीं! हम तो यहाँ तक कर सकते हैं कि उसकी उंगलियों के पोर-पोर [fingertips] तक को (दोबारा) ठीक (वैसा ही) कर दें।  (4)
इसके बावजूद, आदमी उस (जीवन) से इंकार करना चाहता है, जो उसके आगे (आख़िरत/ Hereafter में) आने वाला है:  (5)
वह (व्यंग्य से) पूछता है,  “तो वह क़यामत का दिन कब होगा?” (6)
जब आँखें चौंधिया जाएंगी  (7)
और चाँद (अपनी) रौशनी खो देगा,   (8)
जब सूरज और चाँद इकट्ठे कर दिए जाएंगे,   (9)
उस दिन आदमी पुकार उठेगा, “भागकर जाएं तो कहाँ जाएं?”  (10)
नहीं! सचमुच, छिपने की कोई जगह नहीं होगी:  (11)
उस दिन तुम्हारे रब के पास ही ठिकाना होगा जहाँ लौटकर सबको जाना होगा।   (12)
उस दिन आदमी को बता दिया जाएगा, जो कुछ (दुनिया में कर्म करके) उसने आगे भेजा था और जो कुछ (कर्मों का असर मरने के बाद) उसने पीछे छोड़ा था।  (13)
बल्कि, सच तो यह है कि आदमी (अपने किए गए अच्छे-बुरे कर्मों पर) ख़ुद ही गवाह है, (14)
चाहे वह अपनी ओर से कितने ही बहाने पेश करे।  (15)
[ए रसूल!] आप (कुरआन  की) आयतों को याद करने की हड़बड़ी में, अपनी ज़बान को जल्दी-जल्दी न चलाया करें:  (16)
बेशक उसे (आपको) याद कराना और (आपकी ज़बान से) पढ़ाना हमारी ज़िम्मेदारी है।  (17)
तो जब हम उस आयत को (जिबरील की ज़बानी) पढ़कर सुना दें, तब आप भी उसे (उसी तरह) पढ़कर दोहरा लिया करें (18)
और फिर इन (आयतों) के मतलब समझाना भी हमारी ही ज़िम्मेदारी है।  (19)
सचमुच, तुम लोग बहुत थोड़े समय चलने वाली दुनिया (की ज़िंदगी) से बहुत लगाव रखते हो  (20)
और तुम इसके बाद आने वाली दुनिया [आख़िरत/ Hereafter] को भुलाए बैठे हो। (21)
(एक तरफ़) बहुत से चेहरे उस दिन खिले हुए और चमकते हुए होंगे,    (22)
और अपने रब (की नेमतों) को देख रहे होंगे,  (23)
और कितने ही चेहरे उस दिन बिगड़ी हुई हालत में (उदास और काले पड़ गये) होंगे।  (24)
वे समझ जाएंगे कि उनके ऊपर भारी मुसीबतों का पहाड़ टूटने ही वाला है।  (25)
सचमुच, जब जान [soul] (निकलती हुई) गले तक आ पहुँचेगी;  (26)
जब यह कहा जाएगा, "कि है कोई जो झाड़-फूंक करके जान बचा सके?";   (27)
जब वह समझ जाए कि (अब सबसे) जुदाई का समय आ गया है;  (28)
जब उसके पैरों को एक साथ (कफ़न लपेटने के लिए) लाया जाएगा:  (29)
उस दिन उसे अपने रब की तरफ़ हँकाकर ले जाया जाएगा।   (30)
उसने न (अल्लाह और रसूल की बातों पर) विश्वास किया और न नमाज़ पढ़ी,   (31)
बल्कि उसने (सच्चाई को) मानने से इंकार किया और (ईमान से) मुँह मोड़ लिया,    (32)
फिर अकड़ता हुआ अपने लोगों की तरफ़ शान से चल दिया।  (33)
तुम से (क़यामत की घड़ी) नज़दीक से और नज़दीक आती जा रही है। (34)
  
तुम से और नज़दीक, और ज़्यादा नज़दीक!  (35)

क्या इंसान यह समझता है कि उसे यूँ ही (बिना हिसाब-किताब लिए) छोड़ दिया जाएगा?  (36)
क्या वह (अपने जीवनकाल के शुरू में) वीर्य [sperm] की एक टपकी हुई बूँद मात्र न था, (37)
जो कि (कोख में) जोंक की तरह चिपका हुआ एक लोथड़ा बन गया, फिर अल्लाह ने उसे (इंसानी) शक्ल-सूरत दे दी, फिर सभी अंगों को (सही अनुपात में) ठीक-ठाक किया, (38)
फिर उसी से दो तरह के लिंग [Gender] बनाए: मर्द और औरत?  (39)
तो क्या वह [अल्लाह] जो यह सब कर सकता है, उसे इस बात की ताक़त नहीं कि मुर्दों को फिर से ज़िंदा कर दे? (40)
 
 
 
नोट: 
1: अल्लाह ने क़ुरआन में कई चीज़ों की क़समें खाई हैं.... (देखें 56:75; 69:38-39; 81:15-18; 84:16-18;  90:1, 3)

2: "कचोटने वाली आत्मा" से मतलब इंसान का वह ज़मीर है जो उसे गलत कामों पर कचोटता है। अल्लाह ने हर इंसान के अस्तित्व के अंदर यह एहसास [ज़मीर] रखा है। इंसान को इस बात पर ध्यान देना चाहिए कि आख़िर इस ज़मीर को क्यों रखा गया है? अगर आने वाली आख़िरत [परलोक] की जिंदगी न होती, जहाँ इंसान को उसके अच्छे बुरे कर्मों का बदला मिलने वाला है, तो भला, बुराई से रोकने के लिए इस ज़मीर की क्या आवश्यकता थी!

 

4: अंगुलियों के पोरों का ख़ास करके ज़िक्र इसलिए किया गया है कि इन पोरों मेंं जो महीन-महीन लकीरें होती हैं, वह हर इंसान की दूसरे से अलग होती हैं, यहाँ तक कि करोड़ों लोगों की अंगुलियों की लकीरें भी एक दूसरे से नहीं मिलती। इनकी लकीरों के अंतर को याद रखकर दोबारा वैसी ही लकीरें बना देना अल्लाह के सिवा किसी से संभव नहीं है। 

 

13: यानी कौन से काम वह दुनिया में कर आया है जो उसके कर्मों के लेखा-जोखा में दर्ज हो चुके हैं और कौन से काम वह छोड़ आया है जो उसे करने चाहिए थे लेकिन उसने नहीं किए।


14: आदमी ख़ुद अपने किए गए अच्छे-बुरे कर्मों की गवाही देगा ..... इस बात को समझने के लिए देखें 24:24; 36:65; 41:20.

 

29: या (मरने के क़रीब) जब एक पैर दूसरे से मिल जाएगा....


34: इसका एक अनुवाद यह भी हो सकता है "तबाही है तुम्हारे लिए (मरते समय), फिर तबाही है (मरने के बाद की हालत में)।


35: या यह भी अनुवाद हो सकता है, " फिर तबाही है तुम्हारे लिए (क़यामत के दिन), फिर तबाही है तुम्हारे लिए (जहन्नम की)।

 

36: इंसान बनने के सभी चरणों का वर्णन सूरह मोमिनून (23:14) में भी आया है।

 



 

Surah/सूरह 1: Al-Fatiha/अल-फ़ातिहा [(किताब की) शुरुआत/ The Opening]

       सूरह 1: अल-फ़ातिहा    [(किताब की) शुरुआत/ The Opening] यह एक मक्की सूरह है। पूरे क़ुरआन में अल्लाह का जो संदेश आया है , उसका इस सूरह मे...