Friday, July 3, 2015

सूरह 100 : अल आदियात [हाँफते-दौड़ते घोड़े, The Charging Steeds]

 

सूरह 100: अल-आदियात

[हाँफते-दौड़ते घोड़े, The Charging Steeds]

 

अल्लाह के नाम से शुरू जो सब पर मेहरबान है, अत्यंत दयावान है

(युद्ध के मैदान में) सरपट दौड़ते हुए और हाँफते हुए घोड़ों की क़सम,  (1)

फिर जो पत्थरों पर ठोकर मारकर चिंगारियाँ उड़ाते हैं,  (2)

फिर जो सुबह होते ही (दुश्मन पर) अचानक छापा मारते हैं,  (3)

फिर (हमले वाली) जगह के चारों ओर धूल-गर्द उड़ाते हैं,  (4)

फिर उसी समय (दुश्मन के) लश्कर में जा घुसते हैं।  (5)

बेशक इंसान अपने रब का शुक्र अदा नहीं करता [Ungrateful] है (जबकि एक घोड़ा भी अपनी जान की परवाह किए बिना आदमी से वफ़ादारी निभाता है) --- (6)

और वह (इस नाशुक्री) पर ख़ुद ही गवाह है-----  (7)

और सच्चाई यह है कि वह [इंसान] धन के मोह में बहुत पक्का है।  (8)

तो क्या उसे पता नहीं, जब क़ब्रों के भीतर जो कुछ (मरे-पड़े लोग] हैं, उन्हें फाड़कर बाहर निकाल दिया जाएगा,  (9)

और जो (राज़) सीनों में छुपे होंगे, वह सामने आ जाएंगे, (10)

उनका रब उस दिन, उन सबके (कर्मों) से अच्छी तरह परिचित होगा।   (11)



नोट:

5: यहाँ उन घोड़ों का ज़िक्र जिनपर बैठकर युद्ध लड़ा जाता था,  उनकी क़समें खाने में यह इशारा है कि ये घोड़े अपने मालिकों के इतने वफ़ादार होते थे कि अपनी जान को ख़तरे में डालकर अपने मालिकों का हुक्म भी मानते थे, और उनकी जान की रक्षा भी। अल्लाह ने इतने मज़बूत जानवर को इंसान के वश में कर दिया है, यहाँ इंसानों को याद दिलाया जा रहा है कि अपने मालिक और पैदा करनेवाले के इस एहसान का शुक्र अदा करने के बजाए वह उसके हुक्म को नहीं मानता और अपने पालनहार का इतना भी वफ़ादार नहीं जितने उसके घोड़े उसके वफ़ादार हैं।

8: धन का मोह ऐसा होता है कि आदमी अच्छाई के कामों से दूर हो जाता है, या गुनाह करने में लग जाता है।

9: क़यामत के दिन सारे लोग क़ब्र फाड़कर बाहर निकल आएंगे (देखें 82:4). 








 

सूरह 99: अज़ ज़िलज़ाल [अंतिम भूकंप, The Earthquake]

सूरह 99: अज़-ज़िलज़ाल

[अंतिम भूकंप/ The Earthquake]

 

अल्लाह के नाम से शुरू जो सब पर मेहरबान है, अत्यंत दयावान है

जब ज़मीन बड़े ज़ोरों के साथ (आख़िरी) भूकंप से झिंझोड़ दी जाएगी, (1)

जब धरती अपने अन्दर के (सब) बोझ [मुर्दे] निकाल बाहर कर डालेगी,  (2)

जब आदमी पुकार उठेगा, “इस [धरती] को आख़िर क्या हो गया है”? (कि इतनी ज़ोर से काँप रही है);  (3)

उस दिन, वह [धरती] अपने सब हालात ख़ुद बता देगी,  (4)

क्योंकि तुम्हारा रब उसको (ऐसा ही करने का) हुक्म देगा।  (5)

उस दिन, लोग अलग-अलग टोली में (अपनी क़ब्रों से) निकलकर आएंगे, ताकि उन्हें उनके किए गए कर्मों को दिखाया जाए: (6)

जिस किसी ने कण-भर भी अच्छाई की होगी, वह इसे देख लेगा, (7)

और जिस किसी ने कण-भर भी बुराई की होगी, तो वह उसे (भी) देख लेगा। (8)



नोट:

2: यानी सारे मुर्दे, और साथ में सारे खनिज-पदार्थ और ख़ज़ाने जो ज़मीन के अंदर गड़े हुए हैं, सब बाहर आ जाएंगे। एक हदीस में है कि जिस किसी ने दौलत के चलते किसी को क़त्ल किया होगा, या रिश्तेदारों का हक़ मारा होगा, या चोरी की होगी, वह सारे माल को देखकर कहेगा कि ये है वह माल जिसके चलते मैंने ये गुनाह किए थे। फिर कोई उस सोने-चाँदी की तरफ़ ध्यान नहीं देगा।

8: यहाँ बुराई का मतलब ऐसी बुराइयों से है जिसके लिए तौबा न की गई हो, क्योंकि सच्ची तौबा से गुनाह माफ़ हो जाते हैं। सच्ची तौबा में यह बात भी शामिल है कि जिस गुनाह की भरपाई मुमकिन हो, उसकी भरपाई कर दी जाए, उदाहरण के लिए किसी का हक़ मारा था, तो उसे दे दिया जाए, या उससे माफ़ करा लिया जाए, या कोई फ़र्ज़ नमाज़ छूटी हुई थी, उसे पढ‌ लिया जाए आदि। 

 

Thursday, July 2, 2015

सूरह 98: अल बैय्यिनह [स्पष्ट प्रमाण, Clear Evidence]

सूरह 98: अल-बैय्यिनह  

[स्पष्ट प्रमाण, Clear Evidence]


01-05: स्पष्ट प्रमाण 

06-08: ईमानवालों और विश्वास न करनेवालों का अंजाम

 

अल्लाह के नाम से शुरू जो सब पर मेहरबान है, अत्यंत दयावान है

किताबवालों [यहूदी व ईसाई] में और मुशरिकों [बहुदेववादियों] में से जो लोग सच्चाई से इंकार करनेवाले [काफ़िर] थे, वे उस समय तक अपने तरीक़े छोड़ने वाले न थे जब तक कि उनके पास स्पष्ट प्रमाण न आ जाता,  (1)

अल्लाह की तरफ़ से (संदेश पहुँचाने वाले) एक रसूल के रूप में, जो (उन्हें) पवित्र किताब के पन्नों को पढ़कर सुनाए,  (2)

जिनमें सीधी, सच्ची बातें लिखी हुई हों। (3)

(इसके बावजूद) जिन्हें आसमानी किताब दी गयी थी, उनके पास (रसूल और क़ुरआन के रूप में) इतने साफ़ प्रमाण आ जाने के बाद भी वे आपस में बँट गये,  (4)

हालाँकि उन्हें तो बस यही हुक्म दिया गया था कि वे केवल अल्लाह की ही बंदगी करें, एक सच्चे ईमानवाले की तरह अपने दीन को पूरी भक्ति से केवल उसी के लिए समर्पित करें, और पाबन्दी से नमाज़ पढ़ा करें और ज़कात [Alms] दिया करें, कि यही सच्चा दीन है।  (5)

किताबवालों में और मुशरिक लोगों [Idolaters] में से जो लोग (सच्चाई पर) विश्वास न करने पर अड़े रहे, वे (सभी) जहन्नम की आग में डाले जाएंगे, जहाँ वे हमेशा पड़े रहेंगे। यही लोग पैदा किए गए सभी प्राणियों में सबसे बुरे हैं।  (6)


बेशक जो लोग ईमान लाए हैं, और अच्छे कर्म करते रहे हैं, यही लोग पैदा किए गए सभी प्राणियों में सबसे बेहतर हैं।  (7)

उनका इनाम उनके रब के यहाँ वह सदाबहार जन्नतें [बाग़] हैं जिनके नीचे से नहरें बहती हैं, और वे उनमें सदा के लिए रहेंगे। अल्लाह उनसे ख़ुश होगा, और वे लोग उससे ख़ुश होंगे। ये (सब कुछ) उन लोगों के लिए ख़ास है जो अपने दिल में अपने रब का डर रखते हों। (8)



नोट: 

4: यहाँ उन किताबवालों की बात हो रही है जो किसी स्पष्ट प्रमाण के इंतज़ार में थे,  मगर जब मुहम्मद (सल्ल) के नबी होने के पक्के प्रमाण सामने आ गए, तब भी उनलोगों ने विश्वास नहीं किया, और केवल अपनी हठधर्मी के कारण आपकी बात नहीं मानी और अलग रास्ता अपना लिया। देखें 3:19, 105; 23:53; 42:13-14. 

 

 

Surah/सूरह 1: Al-Fatiha/अल-फ़ातिहा [(किताब की) शुरुआत/ The Opening]

       सूरह 1: अल-फ़ातिहा    [(किताब की) शुरुआत/ The Opening] यह एक मक्की सूरह है। पूरे क़ुरआन में अल्लाह का जो संदेश आया है , उसका इस सूरह मे...