Tuesday, July 7, 2015

सूरह 105 : अल-फ़ील [हाथीवाले, The Elephant]

सूरह 105: अल-फ़ील

[हाथीवाले, The Elephant]

 

अल्लाह के नाम से शुरू जो सब पर मेहरबान है, अत्यंत दयावान है

[ऐ रसूल] क्या आपने नहीं देखा कि आपके रब ने हाथीवालों [यमन से आए अबरहा के लश्कर] के साथ क्या किया (जो काबा को तहस-नहस करने के इरादे से आए थे)?  (1) 

क्या उस [अल्लाह] ने उनकी तमाम चालों को पूरी तरह से बेकार नहीं कर दिया था?  (2)

और उसने उन पर (हर तरफ़ से) चिड़ियों के झुंड-के-झुंड भेज दिये थे,  (3)

जो उन पर ठोस पकी-मिट्टी की कंकरियाँ फेंक रही थीं:  (4)

(अल्लाह ने) उन्हें ऐसा कर डाला जैसे चबाया हुआ भूसा!  (5)



नोट:

1: अबरहा जो कि यमन का बादशाह था, वह अपने लशकर के साथ हाथियों पर सवार होकर “काबा” पर चढ़ायी करने के लिए आया था। उसने यमन में आलीशान चर्च का निर्माण करवाकर यमन के लोगों में यह घोषणा कर दिया था कि आगे से कोई आदमी हज के लिए मक्का न जाए, बल्कि इसी चर्च को अल्लाह का घर समझे। अरब के लोग हालाँकि मूर्तिपूजक थे, लेकिन हज़रत इबराहीम (अलै.) की शिक्षा से काबा की शान व गौरव उनके दिलों में रच-बस गई थी। इस घोषणा से उनमें दुख और ग़ुस्से की लहर दौड़ गई और उनमें से किसी ने रात के समय उस चर्च  में जाकर गंदगी फैला दी और कुछ लोग कहते हैं कि उसके कुछ हिस्सों में आग भी लगा दी। अबरहा को जब यह मालूम हुआ तो वह एक बड़ा लशकर तैयार करके मक्का की तरफ़ चल पड़ा। रास्ते में कई क़बीलों ने उसके साथ युद्ध किया, मगर उनकी हार हुई, अंत में यह लशकर मक्का के बहुत क़रीब तक पहुँच गया, लेकिन अगली सुबह उसने काबा की तरफ़ बढ़ना चाहा तो उसके हाथी ने आगे बढ़ने से इंकार कर दिया और उसी समय समंदर की तरफ़ से अजीब क़िस्म के परिंदों का एक बड़ा झुंड आया और पूरे लशकर के ऊपर छा गया। हर चिड़िये की चोंच में तीन-तीन कंकर थे जो उन चिड़ियों ने फौज पर बरसाए, जिस पर भी यह कंकरी लगती, उसके पूरे जिस्म को छेदती हुई ज़मीन में घुस जाती थी, यह यातना देखकर सारे हाथी भाग खड़े हुए। लशकर के सिपाहियों में कुछ तो वहीं मारे गए, और कुछ भाग निकले, वे रास्ते में मरे, और अबरहा के शरीर में ज़हर ऐसा घुल गया कि उसका एक-एक जोड़ सड़-गलकर गिरने लगा, इसी हालत में उसे यमन लाया गया, और वहीं उसकी मौत हो गई। 

यह घटना मुहम्मद सल्ल.) के पैदा होने के कुछ ही दिन पहले की है। इस घटना का वर्णन करके मुहम्मद साहब को तसल्ली दी गयी है कि अल्लाह की क़ुदरत बहुत बड़ी है, इसलिए जो लोग आपकी दुश्मनी पर कमर बाँधे हुए हैं, अंत में वह भी हाथीवालों की तरह मुँह की खाएंगे। 






 

 

सूरह 104 : अल हुमज़ह [पीठ-पीछे बुराई करनेवाला, The Backbiter]

 

सूरह 104: अल-हुमज़ह

[पीठ-पीछे बुराई करनेवाला, The Backbiter]

 

अल्लाह के नाम से शुरू जो सब पर मेहरबान है, अत्यंत दयावान है

हर उस आदमी के लिए तबाही है, जो (मुँह पर) ताना देने वाला और पीठ-पीछे दूसरों की बुराई करने वाला हो,  (1)

(बड़ी ख़राबी है उस आदमी के लिए भी) जो माल को जमा करता हो और गिन-गिनकर रखता हो, (जायज़ और नाजायज़ माल का हिसाब किए बिना),  (2)

वह समझता है कि उसका माल उसे हमेशा ज़िन्दा बाक़ी रखेगा।  (3)

हरगिज़ नहीं! वह तो ज़रूर चूर-चूरकर देने वाली चीज़ [हुतमा] में झोंक दिया जाएगा!  (4)

और आपको क्या मालूम कि "हुतमा" क्या है?  (5)

वह अल्लाह की भड़काई हुई आग है,  (6)

जो (तलवे से लगी तो) दिलों तक चढ़ जाएगी।  (7)

बेशक वह (आग) उन लोगों को चारों तरफ़ से अपने घेरे में ले लेगी,   (8)

जबकि वह (भड़कते हुए) लम्बे-लम्बे शोलों में घिरे हुए होंगे।  (9)



नोट: 

1: पीठ पीछे दूसरों की बुराई करने [ग़ीबत] को क़ुरआन में घिनौना गुनाह कहा है, और किसी के मुँह पर ताने देना जिसे उसका दिल दुखे, उससे भी बड़ा गुनाह है।

3: जायज़ तरीक़े से धन कमाना कोई गुनाह नहीं है, लेकिन उसकी ऐसी मुहब्बत कि हर समय आदमी उसी के फेर में लगा रहे, उसे गुनाह करने पर उकसाता है। और किसी आदमी पर अगर धन की मुहब्बत इस तरह सवार हो जाए कि वह समझने लगे कि उसकी हर मुश्किल धन से ही दूर होगी, और हर समय मौत को भूलकर दुनियादारी की योजनाएं बनाता रहे जैसे कि यह धन उसे हमेशा ज़िंदा रखेगा, तो यह भारी भूल है।  

 

 

 

 

Monday, July 6, 2015

सूरह 103 : अल अस्र [ढलता हुआ दिन, The Declining Day]

 

सूरह 103: अल-अस्र

[ढलता हुआ दिन, The Declining Day]

 

अल्लाह के नाम से शुरू जो सब पर मेहरबान है, अत्यंत दयावान है

ढलते हुए दिन की क़सम (या ढलती उम्र की क़सम)  (1)

बेशक इन्सान (बड़े) घाटे में है (कि वह अपनी क़ीमती उम्र गँवा रहा है),  (2)

सिवाए उन लोगों के जो ईमान रखते हैं, अच्छे काम करते हैं, (समाज में) एक दूसरे को सच्चाई की नसीहत करते रहते हैं, और (बुराइयों से बचने में, अच्छे कर्म करने में और आनेवाली मुसीबतों में) एक दूसरे को सब्र [धैर्य] के साथ जमे रहने पर ज़ोर देते हैं।  (3)



नोट:

1: कि जब दिन का हिस्सा या ज़िंदगी कम ही बची रहती है,  

या ज़माने की क़सम! ज़माने का इतिहास इस बात का गवाह रहा है कि जो लोग सच्चाई पर विश्वास नहीं रखते और नेक कर्मों से दूर रहते हैं, वे बड़े घाटे में हैं, इसलिए कि बहुत सी क़ौमों को दुनिया में ही आसमानी यातना झेलनी पड़ी, और हर ज़माने में अल्लाह की उतारी हुई किताबें और उसके भेजे हुए पैग़म्बर लोगों को बुरे कर्मों के नतीजे से सावधान करते रहे हैं।

2: और अच्छे कर्म करने का समय घटता जा रहा है।

3: ख़ुद नेक बन जाना ही काफ़ी नहीं है, बल्कि अपने प्रभाव में आए हुए लोगों को भी सच्ची बात और धीरज से अच्छाई पर जमे रहने पर ज़ोर देना भी ज़रूरी है। “सब्र या धीरज” एक क़ुरआन का term है जिसका मतलब यह है कि जब इंसान के दिल की इच्छाएं उसे किसी सही काम को करने से रोक रही हों या कोई गुनाह करने पर उकसा रही हों, उस समय उन इच्छाओं को कुचला जाए, और जब आपके साथ कोई बुरी चीज़ घट जाए, तो अल्लाह के फ़ैसले पर अंगुली उठाने से बचा जाए।   








                      

 

 

Surah/सूरह 1: Al-Fatiha/अल-फ़ातिहा [(किताब की) शुरुआत/ The Opening]

       सूरह 1: अल-फ़ातिहा    [(किताब की) शुरुआत/ The Opening] यह एक मक्की सूरह है। पूरे क़ुरआन में अल्लाह का जो संदेश आया है , उसका इस सूरह मे...